क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

दुद्धी में निकली राष्ट्रीय एकता यात्रा, हजारों लोगों ने लिया भाग।

दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार)लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर महुली खेल मैदान तक पहुंची। करीब 7 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में छह हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा की सबसे आकर्षक झलक एक किलोमीटर लंबी तिरंगा ध्वज यात्रा रही, जिसे लोगों ने कंधों पर उठाकर आगे बढ़ाया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई और भारत माता की जय, सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें तथा ‘वंदे मातरम’ आदि के नारों से वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

यात्रा का नेतृत्व क्षेत्रीय कार्यक्रम संयोजक दिलीप पांडेय ने किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्रवासियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। यात्रा में स्कूली बच्चे, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, स्वच्छता कर्मी, सामाजिक संस्थाएं, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक तिरंगा हाथों में लिए शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री रामशंकर सिंह पटेल ने कहा कि सरदार पटेल के दृढ़ नेतृत्व में देश की 562 रियासतों का एकीकरण संभव हुआ, जिसके परिणामस्वरूप आज भारत एक सशक्त और अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

कार्यक्रम में गैर-सरकारी संस्थाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही। संयोजकों ने आह्वान किया कि इस राष्ट्रीय एकता यात्रा को हर वर्ष और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाए, ताकि सरदार पटेल के विचार समाज के हर वर्ग तक पहुंचें।
इस अवसर पर जिला संयोजक डॉ. प्रसन्न पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, भाजपा के निवर्तमान प्रत्याशी श्रवण गौड़, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, उपजिलाधिकारी निखिल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, खंड विकास अधिकारी रामविशाल चौरसिया, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, नगर मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार शाह, पूर्व नगर अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह (बबलू), सभासद डॉ. लवकुश प्रजापति, रामेश्वर राय और मनीष कुमार जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।