क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान


नेपाल बाढ़ त्रासदी में दिवंगत आत्माओं को विद्यालय परिवार ने दी श्रद्धांजलि।
रेनुकूट/सोनभद्र। नइम शाह। 27 अगस्त। नेपाल में आई भीषण बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा से हुई जनहानि पर आज सेंट ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल, रेनुकूट में विद्यालय परिवार द्वारा गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की गई। इस दुःखद त्रासदी में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में मोमबत्तियाँ जलाकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने एकजुट होकर दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। वातावरण पूरी तरह भावुक और शांत रहा। सभी ने कुछ क्षण मौन रहकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मानवता सबसे बड़ी संवेदना है। नेपाल के पीड़ित परिवारों के दुःख में विद्यालय परिवार सहभागी है और दिवंगत लोगों के प्रति यह श्रद्धांजलि हमारी मानवीय एकजुटता एवं संवेदनशीलता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि संकट की घड़ी में पीड़ितों के प्रति सहानुभूति, संवेदना और मानवीय सहयोग की भावना ही सच्ची मानवता है।
विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्माओं की शांति एवं प्रभावित परिवारों के शीघ्र सामान्य जीवन की कामना की।
