20 सितंबर को वाराणसी में नई पीढ़ी संवाद,तैयारी को लेकर रासपहरी में हुई बैठक,पूर्वांचल यात्रा सोनभद्र में चलेगी

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

• 20 सितंबर को वाराणसी में नई पीढ़ी संवाद
• तैयारी को लेकर रासपहरी में हुई बैठक
• पूर्वांचल यात्रा सोनभद्र में चलेगी

म्योरपुर,सोनभद्र, 27 अगस्त 2026, जवाबदेह सरकार के लिए मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा सोनभद्र में जारी रहेगी। इस यात्रा में गांव, कस्बा, बाजार, स्कूल-कालेज, अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों से संपर्क और संवाद किया जाएगा। इस यात्रा के प्रथम चरण के समापन पर वाराणसी शास्त्री घाट पर नई पीढ़ी संवाद और आम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस बाबत आज रासपहरी कार्यालय में रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान की बैठक हुई।

बैठक में उपस्थित ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने वादा खिलाफी की है। जनगणना में ओबीसी कालम को शामिल करने की बात करके भी उसे पूरा नहीं किया। साथ ही आदिवासी समाज की तरफ से उठ रही आदिवासी धर्म कोड के कालम को जोड़ने की बात भी अनसुनी कर दी जा रही है। इस सवाल को सोनभद्र में प्रमुख सवाल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर नागरिक के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और भूमिहीनों को आवास के संवैधानिक अधिकारों की गारंटी हो सकती है। यदि सरकार कारपोरेट घरानों की संपत्ति पर टैक्स लगाने और काली पूंजी की अर्थव्यवस्था को नियंत्रित करने का साहस दिखाएं।

बैठक में तय हुआ कि माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा महिलाओं की आर्थिक लूट, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन, पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने, पूंजी पलायन पर रोक लगाने, लड़कियों की उच्च शिक्षा जैसे सवालों को यात्रा में मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक के अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद गोंड और संचालन कृपा शंकर पनिका ने किया।

बैठक में प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, इंद्रदेव खरवार, रूबी सिंह गोंड, सविता गोंड, महेंद्र प्रताप सिंह, मनोहर गोंड, मंगरू प्रसाद श्याम, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड, राजकुमार खरवार, राम विचार गोंड, महावीर गोंड, आदि लोग शामिल रहे।