क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

दुद्धी में ऐतिहासिक गोवर्धन पूजा कार्यक्रम 23 अक्टूबर को, मुख्य अतिथि होंगे एमएलसी लाल बिहारी यादव।

दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार) स्थानीय टाऊन क्रिकेट क्लब मैदान पर होने वाली ऐतिहासिक गोवर्धन पूजा कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद में नेता विरोधी दल तथा शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव होंगे।
गोवर्धन पूजा समिति के सदस्य अवध नारायण यादव ने जानकारी दी कि विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा समिति द्वारा 23 अक्टूबर, दिन गुरुवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे कलश यात्रा से होगा, इसके पश्चात पूर्वाह्न 11 बजे गोवर्धन पूजा संपन्न होगी। दोपहर 2 बजे प्रसाद वितरण के बाद क्षेत्रीय लोकगायकों की प्रस्तुति दी जाएगी।
रात्रि 9 बजे से विराट बिरहा मुकाबला आयोजित किया जाएगा, जिसमें बिरहा सम्राट एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता विजय लाल यादव (गाजीपुर, उत्तर प्रदेश) तथा गायिका रविना रवि रंजन (मोहनिया, बिहार) के बीच मुकाबला सुनिश्चित है।
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष जगतनारायण यादव ने बताया कि पूरे कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र पंथी द्वारा कराया जाएगा। गोवर्धन पूजा समिति अंतिम तैयारियों में जुटी हुई है, वहीं क्षेत्र के लोगों में बिरहा सम्राट के आगमन को लेकर उत्साह और चर्चा का माहौल है।