क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

इनर व्हील क्लब दुद्धी की बैठक धूमधाम से सम्पन्न।
दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार)इनर व्हील क्लब दुद्धी की बैठक सोमवार को नगर के क्लब अध्यक्ष राखी जायसवाल के आवास पर हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। इसके उपरांत क्लब की सदस्य कृति ने गणेश वंदना “गौरी गणेश मंगाओ…” की मनमोहक प्रस्तुति दी।
बैठक की मुख्य अतिथि इनर व्हील जिला अध्यक्ष प्रिया नारायण (प्रयागराज) रहीं। क्लब अध्यक्ष राखी जायसवाल ने उन्हें कॉलर पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी सरोज का भी भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत गीत “खिले हैं आशा के फूल” की प्रस्तुति स्वाति ने दी, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। जीवन शाला उच्च प्राथमिक विद्यालय मनबसा के बच्चों ने “जीना हो तो पापा शराब मत पीना” नशामुक्ति गीत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चाँद लगाए। प्रस्तुतियों के उपरांत सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में क्लब द्वारा घरों में कार्यरत महिला कर्मचारियों का भी सम्मान कर समाज के प्रति उनके योगदान का आभार व्यक्त किया गया।
इस दौरान डॉ. विभा ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत नशामुक्ति संदेश की सराहना की। महिला थाना प्रभारी सरोज ने अपने संबोधन में कहा कि दुद्धी क्षेत्र में शिक्षा की कमी के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित होते हैं। ऐसे युवाओं और उनके अभिभावकों की काउंसलिंग की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में महिलाएं कानून का दुरुपयोग करती हैं, जिनकी परामर्श के माध्यम से समझाइश दी जाती है।
क्लब सचिव मनोरमा जायसवाल ने अब तक की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट जिला अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत की। बैठक में नए सदस्य अनिता मिश्रा और सीमा देवी को भी क्लब में जोड़ा गया।
मुख्य अतिथि प्रिया नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि यह उनका दुद्धी में पहला दौरा है और छोटे शहरों में सेवा कार्यों का अवसर अधिक मिलता है। उन्होंने वर्ष 2008 से सक्रिय दुद्धी इकाई की सराहना करते हुए कहा कि यहां की महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने अध्यक्ष राखी जायसवाल को रक्तदान में विशेष योगदान हेतु प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया तथा रविन्द्र जायसवाल के सहयोग की भी सराहना की।
अंत में रविन्द्र जायसवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन स्वाति ने सफलतापूर्वक किया, जबकि वरिष्ठ सदस्य अनीता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस मौके पर इनर व्हील क्लब दुद्धी की अध्यक्ष राखी जायसवाल,सचिव मनोरमा जायसवाल ,, डॉ विभा ,माधुरी ,तारा जायसवाल ,स्वाति ,निशा ,आभा ,चिंता ,लता ,अनुपमा ,लिना ,प्रीति ,विनीता मसीह ,अनिता सहित काफी संख्या में महिलाएं रही ।
