क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव कुएं में मिला, पुलिस जांच में जुटी।
दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार)कोतवाली क्षेत्र के मनबसा गाँव में रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे एक अधेड़ महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में उपलाया हुआ मिला। मृतका बीते 12 सितंबर से लापता थी। शव को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और तत्काल ग्राम प्रधान को इसकी सूचना दी।
ग्राम प्रधान मनबसा जगमोहन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस के वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरेश चंद्र द्विवेदी मय दल-बल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। शिनाख्त के दौरान ग्रामीणों ने मृतका की पहचान रामपतिया (55) पत्नी रामशरण गौड निवासी करमडाड मनबसा, थाना दुद्धी के रूप में की। बताया गया कि मृतका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि ग्राम प्रधान से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। मामले की जांच की जा रही है।
