जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की समस्या पर डीएम ने हिंडालको प्रबंधन को दिए निर्देश

Crime journalist/सम्पादक – सेराज खान

रेनुकूट संवाददाता-नसीम अहमद

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की समस्या पर डीएम ने हिंडालको प्रबंधन को दिए निर्देश।

रेणुकूट। नगर में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने में आ रही समस्या को लेकर रेणुकूट व्यापार मंडल की पहल रंग लाई। मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय सोनभद्र में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में समस्या के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने हिंडालको प्रबंधन को निर्देशित किया कि उसके क्षेत्र में रहने वाले लोगों के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की जिम्मेदारी प्रबंधन द्वारा सुनिश्चित की जाए। वहीं, इस आदेश का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी दुद्धी को सौंपी गई। बताया गया कि रेणुकूट में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों को लेकर रेणुकूट व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृज किशोर ने करीब एक माह पूर्व उप जिलाधिकारी दुद्धी को पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की थी। इसके बाद 3 सितंबर को उन्होंने जिलाधिकारी सोनभद्र से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई थी। इसी क्रम में मंगलवार को दोपहर एक बजे जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें उप जिलाधिकारी दुद्धी, , नगर पंचायत रेणुकूट के बड़े बाबू मुन्ना कुमार, हिंडालको प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा रेणुकूट व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद व्यापार मंडल ने इसे नगरवासियों और व्यापारियों की बड़ी जीत बताया। बैठक में दुद्धी के उप जिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता,हिंडालको से यशवंत कुमार, रेणुकूट व्यापार मंडल से अध्यक्ष बृजकिशोर, उपाध्यक्ष अनुज अग्रवाल, मंत्री बृजराज सोनी, अखिलेश , अजीत कुशवाहा उपस्थित रहे!व्यापार मंडल अध्यक्ष बृज किशोर ने कहा कि यह सफलता सभी व्यापारियों और नगरवासियों के सहयोग एवं आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आगे भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने सभी व्यापारियों के प्रति आभार जताया। इस संबंध में उप जिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि बैठक में हिंडाल्को प्रबंधन को जिलाधिकारी द्वारा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैंl