दुद्धी में नालियों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, भवन मालिकों को तत्काल हटाने का निर्देश

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी में नालियों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं, भवन मालिकों को तत्काल हटाने का निर्देश।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। उपजिलाधिकारी व नवनियुक्त प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दुद्धी आकांक्षा गौतम ने आज बुधवार शाम वार्ड 1 में निर्माणाधीन नाली और सीसी सड़क का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अधिकारी ने नालियों पर बने अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया और तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आकांक्षा गौतम ने कहा कि नालियों के ऊपर या उनके पास किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन भवन मालिकों ने नाली या नाली किनारे कब्जा कर चबूतरा तथा निर्माण कर रखा है, उन्हें निर्माण तुरंत हटाने का आदेश दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि नगर पंचायत द्वारा जब जब अतिक्रमण हटाया गया है, तो संबंधित भवन मालिकों को आर्थिक व कानूनी नुकसान उठाना पड़ता है, इसलिए खुद ही हटवाना बेहतर होगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुराने नक्शे के अनुरूप नालियों पर चबूतरा और भवन निर्माण कर अनेक गलियां सिकुड़ चुकी हैं, जिससे आवागमन में बाधा पैदा हो रही है। वार्ड 1,3, 8, 9 व 11 की कई गलियों में राहगीरों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि निर्माणाधीन नाली और सीसी सड़क के पास कुछ लोग लगातार अवैध निर्माण करते आ रहे हैं तथा उनकी आदत अब भी नहीं छूटी है।
निरीक्षण क्रम में स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, नवागत ईओ सहित सभासद निरंजन गुप्ता, धनंजय रावत प्रतिनिधि, आनंद अग्रहरी, राकेश आजाद, सोनू खान और धीरज जायसवाल मौजूद रहे।