भुगतान के फेर में महुली की सार्वजनिक सुविधाएं बेहाल, चार माह से बंद शौचालय और खराब हैंडपंपों से ग्रामीण परेशान

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

भुगतान के फेर में महुली की सार्वजनिक सुविधाएं बेहाल, चार माह से बंद शौचालय और खराब हैंडपंपों से ग्रामीण परेशान।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के महुली ग्राम पंचायत में भुगतान की समस्या के चलते सार्वजनिक सुविधाओं की व्यवस्था चरमरा गई है। महुली-पोलवा और पतरिहा गांवों के बीच स्थित महुली बस स्टैंड का सार्वजनिक शौचालय करीब चार माह से बंद पड़ा है। वहीं हैंडपंप मिस्त्री का भुगतान नहीं होने से ग्राम पंचायत क्षेत्र में खराब पड़े कई हैंडपंपों की मरम्मत भी प्रभावित है। शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं बाधित होने से ग्रामीणों और राहगीरों में नाराजगी है।
महुली बस स्टैंड पर ग्रामीण बैंक सहित आसपास के तीन गांवों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। बसों के इंतजार में रोजाना सैकड़ों ग्रामीण और राहगीर यहां पहुंचते हैं। सार्वजनिक शौचालय बंद होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। शौचालय के बगल में स्थित खेल मैदान के किनारे लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं। इससे मैदान और आसपास गंदगी के साथ दुर्गंध भी फैल रही है। दुकानदारों और राहगीरों का कहना है कि लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने से संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक शौचालय के केयरटेकर का भुगतान नहीं होने के कारण उसकी नियमित साफ-सफाई और देखरेख नहीं हो पा रही है। नतीजा यह है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाया गया शौचालय लंबे समय से बंद पड़ा है। लोगों ने तत्काल सफाई कराकर शौचालय को चालू कराने की मांग की है।
इधर, ग्राम पंचायत में हैंडपंप मिस्त्री का भुगतान नहीं होने की वजह से खराब हैंडपंपों की मरम्मत भी समय से नहीं हो पा रही है। कई स्थानों पर हैंडपंप खराब होने से ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल और स्वच्छता जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भी यदि भुगतान संबंधी अड़चन बनी रहेगी तो इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
महुली ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने बताया कि केयरटेकर का भुगतान नहीं होने से सार्वजनिक शौचालय की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। हैंडपंप मिस्त्री का भुगतान नहीं होने के कारण कुछ खराब हैंडपंपों की मरम्मत भी बाधित है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था कराकर सार्वजनिक शौचालय को जल्द चालू कराया जाएगा और खराब हैंडपंपों की मरम्मत भी कराई जाएगी।