Crime journalist (सम्पादक -सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि
स्वास्थ्य और शिक्षा के समन्वय की मिसाल बनीं अनुपम शुक्ला, सी.एम.ओ. ने किया सम्मानित!
स्वास्थ्य विभाग के जनकल्याण अभियानों में उत्कृष्ट सहभागिता पर मिला सम्मान!
सुलतानपुर – जनपद में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं जागरूकता अभियानों में उल्लेखनीय सहयोग देने पर बेसिक शिक्षा परिषद, सुलतानपुर में कार्यरत सहायक अध्यापिका अनुपम शुक्ला को जिला स्वास्थ्य सेवा समिति द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण की ओर से उनके स्वास्थ विभाग में उत्कृष्ट सहयोग और योगदान के लिए प्रदान किया गया।
प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि अनुपम शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान, पल्स पोलियो कार्यक्रम, कैंसर जागरूकता अभियान, रक्तदान शिविर, आयुष्मान भारत, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, पोषण अभियान सहित अन्य स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता में सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके सहयोग से विभाग की विभिन्न योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों के समन्वित प्रयासों से जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने अनुपम शुक्ला के समर्पण, सक्रिय सहभागिता एवं समाजहित में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस सम्मान को शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।
