क्राइम जर्नलिस्ट/संपादक – सेराज खान

बकरी बांधते समय महिला को सर्प ने डसा, झाड़फूक के चक्कर में बिगड़ी हालत, सीएचसी दुद्धी में भर्ती।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।जनपद के कोन थाना क्षेत्र के गिद्धिया गांव में शुक्रवार सुबह बकरियों को बांधने गई एक 50 वर्षीय महिला को अज्ञात जहरीले सांप ने काट लिया। अंधविश्वास के फेर में परिजनों ने घंटों झाड़फूक कराई, जिससे महिला की स्थिति गंभीर हो गई।
कोन थाना अंतर्गत के गिद्धिया गांव निवासी रीहाना (50) पत्नी सरलत शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से 100 मीटर की दूरी पर बकरियों को बांध रही थीं। इसी दौरान उनके दाहिने पैर में किसी अज्ञात सर्प ने डस लिया।
परिजनों ने तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में ही घंटों झाड़फूक का सहारा लिया। जब महिला की तबीयत में सुधार होने के बजाय लगातार गिरावट आने लगी और स्थिति चिंताजनक हो गई, तब जाकर परिजन निजी साधन से शाम करीब साढ़े 4 बजे महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है और चिकित्सीय देखरेख के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, सीएचसी दुद्धी में महिला का इलाज चल रहा है।
