क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

महुली में गूंजा ‘या नबी-या नबी’, ईद-मिलादुन्नबी पर निकला भव्य जुलूस।
रोशनी से जगमगाई जामा मस्जिद, सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा।
महुली/सोनभद्र।आनंद चौबे। ईद-मिलादुन्नबी यानी बारावफात के अवसर पर दुद्धी विकास खंड क्षेत्र के महुली में बुधवार को मुस्लिम समुदाय की ओर से श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे रास्ते धार्मिक नारों की गूंज सुनाई देती रही और माहौल उत्साह से भर उठा।
जामा मस्जिद महुली के सदर क्लामुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में जामा मस्जिद से जुलूस प्रारंभ हुआ। जुलूस स्टेशन रोड होते हुए रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचा और निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः जामा मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में शामिल लोग ‘या नबी-या नबी’, ‘नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर’ जैसे धार्मिक नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सौहार्द का विशेष ध्यान रखा गया।
ईद-मिलादुन्नबी को लेकर जामा मस्जिद को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मस्जिद परिसर झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगा रहा था। शाम होते ही रोशनी से सजी मस्जिद की खूबसूरती देखते ही बन रही थी।
जुलूस में हाफिज मोहम्मद सिकंदर रिजवी, अनवर आलम, रुस्तम सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जुलूस के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद-मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में अमन-चैन एवं भाईचारे की कामना की।
जुलूस को लेकर विंढमगंज थाना पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। पुलिसकर्मी जुलूस के मार्ग और प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
महुली में निकले इस भव्य जुलूस ने धार्मिक आस्था, उत्साह और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर पेश की। देर तक जामा मस्जिद परिसर रोशनी से जगमगाता रहा और ईद-उल-मिलादुन्नबी की खुशियां पूरे क्षेत्र में दिखाई दीं।
