Crime journalist (सम्पादक – सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि
स्टेशन रोड पर होटल या अवैध गतिविधियों का अड्डा!
प्रशासन की खामोशी पर उठ रहे सवाल!
सुल्तानपुर – स्टेशन रोड पर धड़ल्ले से चल रहे कुछ संदिग्ध होटलों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सूत्रों की मानें तो इन होटलों में नियम-कायदों को ताक पर रखकर ऐसी गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। जिनसे क्षेत्र की मर्यादा और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
शराब का सेवन, देर रात तक संदिग्ध लोगों की आवाजाही और नई पीढ़ी के युवाओं का जमावड़ा कई सवाल खड़े कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि आसपास धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं जहां रोजाना श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की नजर इन गतिविधियों पर अब तक क्यों नहीं पड़ी, यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल व्यवसाय की आड़ में यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच होना जरूरी है। बिना अनुमति, बिना सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों वाले ठिकानों पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह क्षेत्र की सुरक्षा और सामाजिक वातावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
अब देखना यह है कि प्रशासन स्टेशन रोड की इस खामोश कहानी पर कब संज्ञान लेता है और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कब ठोस कदम उठाता है। लोगों की निगाहें अब जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।
