क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी में देव दीपावली पर हजारों दीपों से जगमगाया शिवाजी तालाब, भक्ति और उत्साह से झूम उठा नगर।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कस्बे के प्राचीन शिवाजी तालाब परिसर में मंगलवार की शाम देव दीपावली का भव्य आयोजन बड़ी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। हजारों दीपों की झिलमिल रोशनी जब तालाब की लहरों में प्रतिबिंबित हुई, तो तालाब क्षेत्र दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। हर ओर दीपों की कतारें और भक्ति संगीत की गूंज ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर उत्सव का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच काशी से आए पंडितों ने गंगा आरती संपन्न कराई, जिसकी भव्यता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आरती के समय पूरा तालाब परिसर भक्तिमय भाव से भर उठा।
इस वर्ष भी तहसील प्रशासन की ओर से 5100 दीपों की व्यवस्था की गई, जिसकी जिम्मेदारी लेखपाल अरुण कन्नौजिया को सौंपी गई थी। नगरवासियों के सहयोग से हजारों दीप एक साथ प्रज्वलित होकर अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे।
देव दीपावली महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छत्रपति शिवाजी तालाब समिति की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। अपने संबोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी।
गंगा आरती के बाद हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उत्सव वाटिका होटल में आयोजित भव्य डांडिया महोत्सव रहा। फिल्मी व लोकगीतों की धुन पर युवक-युवतियों, महिलाओं और बच्चों ने डांडिया और गरबा नृत्य कर समां बांध दिया। रंग-बिरंगी रोशनी, सजी-धजी वेशभूषा और ताल पर थिरकते कदमों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। देर रात तक चले इस डांडिया महोत्सव में नगरवासियों ने जमकर आनंद लिया।कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस अवसर पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार दुद्धी भूपेंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन सुनीता कमल, कुलभूषण पांडेय, दिलीप पांडेय, रामेश्वर राय, सुरेंद्र गुप्ता, कमल कुमार कानू, कार्यक्रम संयोजक अरुण कन्नौजिया, विनय कुमार, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरनाथ जायसवाल, जय बजरंग अखाड़ा समिति के कन्हैया अग्रहरि, विष्णुकांत तिवारी, रामपाल जौहरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, समाजसेवी और नगरवासी उपस्थित रहे।
उधर देव दीपावली के पावन अवसर पर संकटमोचन मंदिर, मां काली मंदिर, पंचदेव मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, लौवा नदी तट, कैलाश कुंज द्वार, मल्देवा, जाबर सहित विभिन्न घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर जयघोष किया। मिट्टी के दीपों की रोशनी से मंदिरों और घाटों का दृश्य मनोहारी आलोक में नहाया नजर आया।
