क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

झाड़ियों में मिला युवक का शव, धारदार हथियार से वार के निशान, हत्या की आशंका।
दुद्धी /विंढमगंज (सोनभद्र) प्रमोद कुमार। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ टोला बगबियानी के पास गुरुवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पतरिहा निवासी रजनीकांत (25) पुत्र स्व. अश्विनी कुमार के रूप में हुई है । प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के पिछले हिस्से तथा गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए ।पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी।परिजनों ने बताया कि वह पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर चुका था और दो भाइयों में बड़ा था। लगभग एक वर्ष पहले उसके पिता का देहांत हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारियां उसके कंधों पर थीं।
विंढमगंज थाना की टीम सभी पहलुओं को खंगालते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य फोरेंसिक जांचों के बाद मौत के कारण व घटना की परिस्थितियों का खुलासा होगा। ग्रामीण एवं परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
