जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, बाउंड्रीवाल निर्माण से गरमाया विवाद

Crime journalist (सम्पादक -सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि

जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, बाउंड्रीवाल निर्माण से गरमाया विवाद!

पीड़ित परिवार ने प्रशासन का खटखटाया दरवाजा, पुलिस-राजस्व टीम से मौके की जांच और कार्रवाई की मांग!

सुल्तानपुर – जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के हयातनगर गांव में जमीन पर कथित कब्जे और निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि परिवार की भूमि पर दबाव बनाकर बाउंड्रीवाल खड़ी करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर तत्काल हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। गांव निवासी मोहम्मद मोबीन पुत्र मोहम्मद जमीर के नाम दर्ज 0.1200 हेक्टेयर भूमि, खतौनी गाटा संख्या 365, को लेकर विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ता हाजिरा खातून का आरोप है कि गांव के शाहबाज पुत्र वकार, जीशान पुत्र पप्पू और शब्बो पत्नी तजम्मुल हुसैन ने कथित रूप से मिलकर परिवार के मकान और भूमि के सामने निर्माण कार्य शुरू करा दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवादित भूमि उनके कब्जे और स्वामित्व में है। इसके बावजूद उनकी सहमति के बिना निर्माण कराया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि जमीन पर कब्जे की नीयत से लगातार दबाव बनाया जा रहा है और निर्माण के जरिए मौके की स्थिति बदलने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, परिवार के लोगों ने जब मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोकने की बात कही तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिवार में भय का माहौल होने की बात कही गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और राजस्व टीम से मौके की जांच कराने, भूमि की वास्तविक स्थिति एवं अभिलेखों का सत्यापन करने तथा कथित निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही शिकायत में आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गुहार लगाई गई है।