क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

पत्रकार के भाई का निधन, 11 दिन तक चला जीवन मृत्यु का संघर्ष।
दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार।कस्बा निवासी पत्रकार मदन तिवारी के छोटे भाई लगभग 45 वर्षीय तुलसी तिवारी का रविवार सुबह 9:24 बजे वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में निधन हो गया। वे पिछले 11 दिनों से जीवन और मृत्यु के बीच संघर्षरत थे।
बड़े भाई मदन तिवारी ने बताया कि तुलसी तिवारी बीते 2 सितंबर को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की टीम द्वारा लगातार उपचार किए जाने के बावजूद उनकी हालत नाजुक बनी रही और आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
तिवारी ने बताया कि मृतक अनुज तुलसी तिवारी राजस्व विभाग में उप जिलाधिकारी, घोरावल, सोनभद्र के कार्यालय में अर्दली के पद पर कार्यरत थे। उनकी समय से पहले हुई मृत्यु ने परिवारजन और सहकर्मियों को गहरा आघात पहुंचाया है।
पत्रकार मदन तिवारी ने अपने भाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि तुलसी का असमय जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकसंतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति दें।
परिवार के सदस्यों द्वारा अंतिम संस्कार वाराणसी के राजा हरिशचंद्र घाट पर किया गया ।स्थानीय और पत्रकार साथियों ने शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
