दुद्धी बार एसोसिएशन ने अनुचित आदेशों का किया विरोध , प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम (न्यायिक) से की शिकायत

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी बार एसोसिएशन ने अनुचित आदेशों का किया विरोध , प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम (न्यायिक) से की शिकायत।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। दुद्धी बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन ने उपजिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा वादों से संबंधित कुछ मामलों में नियम व प्रक्रिया का उल्लंघन कर अग्रिम तिथि से पूर्व आदेश जारी करने के विरोध में सोमवार को आपात बैठक बुलाई। दोनों बारों ने दोषियों के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपने तथा आगे की कानूनी और सामूहिक कार्रवाई के विकल्प पर विचार करने का निर्णय लिया।
बार अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय एवं सिविल बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव की अगुवाई में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बाद में एसडीएम (न्यायिक) मोहम्मद जफर से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने न्यायालय में चल रही कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए मांग की कि वादकारियों के हित में न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं ने कहा कि उपजिलाधिकारी के कुछ दिए गए आदेश पद व हैसियत के दुरुपयोग और गैरकानूनी प्रवृत्ति के प्रतीत होते हैं, जिनसे वादी एवं अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है, इसी कारण आज राजस्व न्यायालय में पैरवी न करने का निर्णय लिया गया था।
मुलाकात के दौरान एसडीएम न्यायिक मोहम्मद जफर ने अधिवक्ताओं की आपत्तियाँ ध्यान से सुनीं और भरोसा दिलाया कि न्यायिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हर संभव समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा वादकारियों के हितों का विशेष ख्याल रखा जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र श्रीवास्तव के अलावा बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे। बारों ने कहा कि यदि शिकायतों का त्वरित निवारण नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन विरोध तथा अन्य विधिक व सामूहिक कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।