क्राइम जर्नलिस्ट/संपादक – सेराज खान

ठेमा नदी में नहा रहे कक्षा 8 के छात्र की डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। रविवार सुबह लगभग 9 बजे ठेमा नदी में नहाते समय कक्षा आठ के छात्र सूफियान खान (15) की डूबने से मौत हो गई। सूफियान लिटिल एंजेल अकादमी पब्लिक स्कूल का छात्र और वार्ड नंबर 6 निवासी था। वह अपने पिता सफी उल्लाह उर्फ विगऊ का इकलौता बेटा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्कूल की कुछ क्लास के छात्र और एक शिक्षिका ट्रिप पर गए हुए थे। ट्रिप पर गए बच्चों को देखकर सूफियान अपनी एक मित्र के साथ स्कूटी से नदी के किनारे पहुंचा और नहाने लगा। नहाते समय लगभग तीन बच्चे पानी में डूबने लगे। पास मौजूद मछली पकड़ने वाले युवकों और अन्य बच्चों ने तुरंत सहायता कर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सूफियान को समय पर ढूँढकर बाहर निकाला नहीं जा सका और उसकी स्थिति गंभीर हो गई। बाद में उसे स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन और स्थानीय लोग हादसे से गहरे सदमें में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ सीएचसी पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कोशिश की तो परिजन पहले राजी नहीं हुए। काफी समझाने के बाद पुलिस ने परिजनों को मनाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित बिंदुओं की जांच कर रही है।
