प्रेम प्रसंग में पड़ी विवादित युवती की हत्या का खुलासा, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित अभियुक्त पकड़ा गया

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

प्रेम प्रसंग में पड़ी विवादित युवती की हत्या का खुलासा, घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित अभियुक्त पकड़ा गया।

दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार।थाना बीजपुर पुलिस टीम ने बुधवार सुबह हत्या के फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त लाला भैया उर्फ लाले पनिका पुत्र स्व. बाल गोविन्द निवासी सिसवाँ झापर थाना बभनी को घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल के साथ गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई थाना बीजपुर पर दर्ज हत्या के मुकदमे की जांच के क्रम में की गई।
सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि 30 मई 2026 को थाना बीजपुर अंतर्गत मोटकी पहाड़ी पर एक नर कंकाल बरामद हुआ था। कंकाल के पास से साड़ी, चप्पल और महिला का पायल भी मिले थे। इन वस्तुओं की पहचान करायी जाने पर मृतका की मां ने उसे अपने पुत्री पार्वती को म्योरपुर निवासी के रूप में शिनाख्त कराई थी। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी दुद्धी, बीजपुर और थाना म्योरपुर की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
सीओ राय ने आगे बताया कि टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर बकरिहवाँ चेतवा मार्ग पर चेतवाँ मोड से 300 मीटर पहले आज सुबह 08:49 बजे लाला भैया को मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार कर कहा कि उसके और मृतका के बीच प्रेम प्रसंग था। मृतका शादी करने का दबाव बना रही थी जबकि अभियुक्त पहले से विवाहित था। दबाव से पीछा छुड़ाने के लिये उसने सुनियोजित ढंग से उसे बाइक पर बैठाकर मोटकी पहाड़ी ले जाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले अभियुक्त के एक अन्य सह-आरोपी सुरेश को थाना बीजपुर टीम ने दिनांक 20 जून 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आज गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त के जुर्म कबूलने के बाद घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी बरामद कर ली गई है।
थाना बीजपुर के टीम में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उ0नि0 सुरेन्द्र कुमार सिंह, हे0का0 भानू प्रताप यादव तथा का0 राहुल गौड़ शामिल रहे। सीओ ने बताया कि समस्त विधिक प्रक्रिया पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा जा रहा है।