तहसील दुद्धी में भूमि दलाली के आरोप, सिविल बार एसोसिएशन ने लेखपालों के खिलाफ जांच व स्थानान्तरण की माँग की

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

तहसील दुद्धी में भूमि दलाली के आरोप, सिविल बार एसोसिएशन ने लेखपालों के खिलाफ जांच व स्थानान्तरण की माँग की।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। सिविल बार एसोसिएशन, दुद्धी ने तहसील दुद्धी में भूमि क्रय-विक्रय की दलाली और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रभारी मंत्री से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। बार ने अपने ज्ञापन में कहा है कि कुछ लेखपाल अपने अधिकार क्षेत्र में दलालों को संरक्षण देकर किसानों की जमीनों के मामलों में दखल दे रहे हैं, जिससे राजस्व विवाद, मारपीट और फौजदारी मुकदमों में वृद्धि हुई है।
दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय एडवोकेट एवं सिविल बार के अध्यक्ष रामलोचन तिवारी ने पत्र में बताया है कि करप्ट लेखपालों के कारण तहसील की शान्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और स्थानीय काश्तकारों का शोषण बढ़ गया है। उन्होंने विशेष तौर पर सुद्दन पासवान, विशाल वर्मा, विकास यादव, विनय गुप्ता, अरुण कन्नौजिया, राकेश वैसवार, मंजेश यादव व वेद प्रकाश नागर का नाम लेकर उनपर बेनामी संपत्ति अर्जित करने व भूमि दलाली में संलिप्तता का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में बार ने यह भी कहा है कि दोषी लेखपालों ने अपने उच्चाधिकारियों से मिलकर कई धारा 80 की फाइलें अनुचित रूप से पास करवाईं जिससे तहसील का नाम खराब हुआ है। अतः बार ने अनुरोध किया है कि आरोपित लेखपालों को अन्य तहसील या अन्य जनपद में स्थानान्तरित किया जाए तथा उच्चस्तरीय जाँच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
दुद्धी बार के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे विधिक व जनहित अभियान तेज कर सकते हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग से निष्पक्ष जाँच तथा शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने की अपील की है।