क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी के शाहपुर में कमरे में मिला महिला का शव, पति हिरासत में, मारपीट से मौत की आशंका।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कोतवाली क्षेत्र के पिपरडीह ग्राम पंचायत के शाहपुर बेहरवाखाड़ी में ठेमा नदी के किनारे भू-दान भूमि पर बने आवास के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में 40 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है और मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका को लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान देवंती (40) उर्फ कुंती देवी पत्नी रामकरण उर्फ पिंटू बैगा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामकरण और देवंती गांव से करीब एक किलोमीटर दूर ठेमा नदी के किनारे खेत की पाही पर बने भू-दान आवास में रहते थे। बताया जा रहा है कि रामकरण करीब 15 दिन बाद बाहर से काम कर घर लौटा था।
घटनास्थल पर कमरे में चूल्हे पर भोजन पकाने की तैयारी के संकेत मिले हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बीती देर शाम भोजन पकाने के दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके बाद मारपीट में गंभीर चोट लगने से देवंती की मौत हो गई। मृतका के शरीर पर चोट व कटे के निशान पाए गए हैं तथा नाक का कुछ हिस्सा कटा होना बताया जा रहा है।
मृतका के आठ बच्चे है जिनमें तीन पुत्र और पांच पुत्रियां शामिल हैं, जिनमें दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। परिजनों के मुताबिक पिता के झगड़ालू और हिंसक रवैये के कारण अधिकतर बच्चे अपनी नानी के घर रहते हैं।
मृतका के पुत्र राकेश ने बताया कि उसके पिता आए दिन शराब के नशे में या अन्य वजहों से घर में झगड़ा करते थे। वहीं बड़ी पुत्री सुमन देवी निवासी कोन ने आरोप लगाया कि उनके पिता बचपन से ही मारपीट करते थे और चचेरी भाभी रेखा के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि पिता ने मां को मारने के बाद भाभी के घर जाकर पुलिस से बचने की बात कही।
परिजनों के अनुसार करीब पांच साल पहले भी आरोपी ने वन विभाग के एक कर्मचारी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका का पति रामकरण स्वयं उनके घर आकर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद प्रधान ने सुबह करीब 6 बजे पुलिस को मामले से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह और श्यामजी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूर्वाह्न करीब 10 बजे सीओ पिपरी हर्ष पांडेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। इसके बाद पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए ।पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि घटना के समय और परिस्थितियों को लेकर सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
