पिपरीवासियों को बेदखली से बचाने की पहल, शक्तिभवन में सकारात्मक वार्ता

Crime journalist/सम्पादक – सेराज खान

रेनुकूट संवाददाता-नसीम अहमद

पिपरीवासियों को बेदखली से बचाने की पहल, शक्तिभवन में सकारात्मक वार्ता

रेणुकूट – पिपरीवासियों को बेदखली की कार्यवाही से बचाने एवं वर्षों से निवास कर रहे परिवारों को सुरक्षित भूमि व आवास उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष अजीत कुमार गुप्ता ने शक्तिभवन, लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पिपरीवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को विस्तार से उनके समक्ष रखा। अजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि रिहंद बांध की स्थापना के बाद पिपरी में कॉलोनी विकसित हुई थी। यहां विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग रोजगार एवं अन्य कारणों से बसते गए और कई परिवार दशकों से इसी क्षेत्र में रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निवास कर रहे परिवारों को अचानक बेदखली की कार्रवाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए मानवीय दृष्टिकोण से स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष प्रस्ताव रखा कि पात्र परिवारों को किराये अथवा क्षतिपूर्ति के आधार पर भूमि एवं भवन आवंटित किए जाएं या नियमानुसार उन्हें लीज पर भूमि उपलब्ध कराई जाए। इससे वर्षों से बसे परिवारों को आवासीय सुरक्षा मिल सकेगी और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित नहीं होगी। मुलाकात के दौरान पिपरीवासियों की समस्या के स्थायी, व्यावहारिक एवं मानवीय समाधान को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। अजीत गुप्ता ने अधिकारियों से इस मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पिपरीवासियों की भावनाओं और वर्षों से उनके निवास को देखते हुए ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए, जिससे परिवारों को राहत मिल सके और क्षेत्र में अनिश्चितता की स्थिति समाप्त हो। अजीत गुप्ता ने वार्ता के बाद उम्मीद जताई कि पिपरीवासियों के हित में शीघ्र ही उचित एवं सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।