स्थानांतरण पर सीओ ओबरा और सीओ घोरावल को दी गई भावभीनी विदाई

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

स्थानांतरण पर सीओ ओबरा और सीओ घोरावल को दी गई भावभीनी विदाई।
सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क में शनिवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद सोनभद्र में तैनात क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के मिर्जापुर तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पीलीभीत स्थानांतरण होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यकाल की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और नए दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनसामान्य के प्रति संवेदनशील एवं समर्पित कार्यशैली का परिचय दिया। उनकी कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहारिक नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा गया कि उनकी सेवाएं और मधुर स्मृतियां जनपद परिवार के साथ सदैव जुड़ी रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ), प्रतिसार निरीक्षक मोहम्मद नदीम सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।