भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही शराब से लदा ट्रक पलटा,रजखड़ घाट पर बिखरीं शराब की बोतलें, पुलिस ने 277 पेटियों में 15,680 बोतलें की बरामद

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही शराब से लदा ट्रक पलटा,रजखड़ घाट पर बिखरीं शराब की बोतलें, पुलिस ने 277 पेटियों में 15,680 बोतलें की बरामद।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कोतवाली क्षेत्र में एनएच 39 स्थित दुद्धी-हाथीनाला मार्ग के रजखड़ घाट पर शनिवार की रात करीब ढाई बजे धान की भूसी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में धान की भूसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप का खुलासा हुआ। शराब बिहार और झारखंड ले जाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
ट्रक पलटने के बाद भूसी हटने से शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। बोतलों को उठाने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शराब की पूरी खेप कब्जे में ले ली।

सीओ विनय प्रभारक साहनी के अनुसार,घटना के सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह अपने टीम के साथ पहुंचे ।ट्रक के भीतर धान की भूसी की बोरियों के बीच अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही थी। मौके से कुल 277 पेटियों और 100 बोरियों में रखी 15,680 बोतलें बरामद की गईं, जिनमें करीब 4,297 लीटर शराब है। बरामद अवैध शराब और ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये आंकी गई है।

दुर्घटना के कारण एनएच-39 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने जेसीबी की मदद से पलटे ट्रक को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।