हथवानी मोड़ पर कोयला लदे ट्रेलर से टकराया डीजल टैंकर, चालक की इलाज के दौरान मौत

क्राइम जर्नलिस्ट//सम्पादक -सेराज खान

हथवानी मोड़ पर कोयला लदे ट्रेलर से टकराया डीजल टैंकर, चालक की इलाज के दौरान मौत।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। हाथीनाला थाना अंतर्गत हाथवानी मोड़ के पास शनिवार सुबह वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर कोयला लदे ट्रेलर और डीजल टैंकर की जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल हुए टैंकर चालक की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में इलाज के दौरान मौत हो गई। ट्रेलर चालक हालांकि सुरक्षित बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सवा दस बजे के लगभग डीजल लोड टैंकर हाथीनाला की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में टैंकर से टकरा दिया, जिससे टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान राजू यादव (34) पुत्र हृदय यादव, निवासी आर-16, इंदिरा नगर, हाजी बुंदर रोड, सेवड़ी (ई), मुंबई के रूप में हुई है। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना हाथीनाला थाना को दी। थाना प्रभारी उदयभान राव और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को एसीपी टोल वेज की एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया।जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान टैंकर चालक राजू यादव की मृत्यु हो गई।
दुर्घटना के बाद टैंकर से डीजल सड़क पर फैल गया। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण डीजल की बोतलें और बाल्टियों में भरते भी देखे गए। इस बीच, पुलिस ने मौके पर भीड़ नियंत्रित करवाई और यातायात बहाल की कार्रवाई करते हुए क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को साइड में हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराया।
हाथीनाला थाना प्रभारी उदयभान राव ने बताया कि प्राथमिक जांच में ट्रेलर के ओवरटेक प्रयास के कारण टक्कर लगने का मामला नजर आ रहा है। घटनास्थल पर निगरानी और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच के लिए पुलिस टीम सतत छानबीन कर रही है।