क्राइम जर्नलिस्ट/संपादक – सेराज खान

दुद्धी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: रामलीला मैदान, नोवा हॉस्पिटल और कोतवाली में सामूहिक योग कार्यक्रम
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को दुद्धी में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अस्पताल कर्मचारी और पुलिसकर्मी बढ़-चढ़ कर शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं और विद्यालयों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग को समुदाय में व्यापक रूप से प्रचारित कर लोगों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करना था।
नगर पंचायत के सहयोग से रामलीला खेल मैदान में आयोजित भव्य योग शिविर में अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का समन्वय नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने किया जबकि पतंजलि योगपीठ के सोनभद्र जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी और डॉ. अरुण कुमार विश्वास ने शिविर का सफल संचालन किया। आयोजकों ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया। पतंजलि योगपीठ की ओर से अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, प्रशस्ति-पत्र और योग संबंधी पुस्तकें देकर किया गया।
इसी दिन नोवा हॉस्पिटल में आयोजित योग सत्र में अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी व नागरिकों ने भाग लिया। नोवा हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. मिथलेश कुमार ने कहा कि योग मात्र व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है और नियमित अभ्यास से शरीर व मन में सकारात्मक ऊर्जा आती है। इनरव्हील क्लब दुद्धी की अध्यक्ष राखी जायसवाल अपने सदस्याएँ के साथ योग शिविर में भाग लिए व पतंजलि परिवार के योगगुरु वीरेंद्र चौधरी तथा उनकी टीम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
दुद्धी कोतवाली परिसर में तैनात पुलिस जवानों ने भी सुबह संयुक्त योगाभ्यास कर शारीरिक फिटनेस व मानसिक सतर्कता बनाए रखने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि इन कार्यक्रमों ने समुदाय में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन अपनाएँ।
