क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

खेत में काम कर रही 11 वर्षीय बच्ची को जहरीले जंतु ने काटा।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत महुली गांव में खेत में काम कर रही एक 11 वर्षीय बच्ची को अज्ञात जहरीले जंतु ने काट लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी अख्तर अली की 11 वर्षीय पुत्री नूरी सबा दोपहर करीब एक बजे अपने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत पर गई हुई थी। वह वहां बेदाम के फसल को सोहने में जुटी थी।इसी दौरान फसल की धुलाई करने के लिए वह थोड़ा आगे बढ़ी और खेत में भरे पानी में फसल धोने लगी। तभी अचानक किसी अज्ञात जहरीले जंतु ने उसके बाएं पैर में काट लिया। जंतु के काटने पर बच्ची दर्द से चीखने लगी, जिसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद परिजन तुरंत मौके पर दौड़े।
परिजनों ने बिना देर किए घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और बच्ची को गंभीर हालत में तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया गया।विंढमगंज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी बच्ची की हालत में कोई खास सुधार नहीं होता देख, चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दुद्धी सीएचसी के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों द्वारा एम्बुलेंस से नूरी सबा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में बच्ची का तुरंत इलाज शुरू किया गया। चिकित्सक के सफल उपचार के बाद बच्ची की तबीयत में तेजी से सुधार हुआ। खतरे से बाहर होने के बाद डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है। डॉक्टरों के अनुसार अब बच्ची की स्थिति पहले से काफी बेहतर है और वह पूरी तरह सुरक्षित है।वहीं परिजनों ने राहत की सांस ली है।
