क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर अनियंत्रित बाइक की टक्कर से बच्ची समेत दो लोग घायल, सीएचसी में इलाज जारी।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-39 दुद्धी-विंढमगंज मार्ग पर कनहर पुल के आगे हिराचक गांव के पास कोरगी बालू साइड मोड़ के समीप रविवार दोपहर करीब दो बजे एक अनियंत्रित बाइक ने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घायल 10 वर्षीय पुष्पा पुत्री जितेंद्र निवासी हिराचक और 58 वर्षीय रामसिंह बियार पुत्र विश्वनाथ बियार निवासी पतरिहा का इलाज सीएचसी दुद्धी में चल रहा है ।
परिजनों के अनुसार, पुष्पा जंगल से लकड़ी हाथ में लेकर लेकर कोरगी बालू साइड मोड़ से गुजर रही थी। वहीं रामसिंह बियार निवासी पतरिहा जो अपने खेत के पाही कोरगी आए हुए थे और वहां से दुद्धी बाजार में घरेलू सामान लेने के लिए सड़क किनारे कोरगी बालू साइड मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दुद्धी की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दूर जाकर गिरे।
घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के ईएमटी पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और अपनी टीम की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में दोनों का उपचार किया गया। चिकित्सक के अनुसार, रामसिंह बियार को पैर और हाथ में चोटें आई हैं,जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई ।वहीं पुष्पा के एक पैर में गंभीर चोट आई है।