क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने व सुधार हेतु दुद्धी में बीएलओ तैनात।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। आगामी चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, विलोपन तथा नाम संशोधन के लिए दुद्धी क्षेत्र में बीएलओ तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देश के अनुपालन में यह व्यवस्था की गई है।
पीएम श्री राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी में बीएलओ सुशील कुमार, नौशाद अहमद, पूनम और इंदु देवी की जन सुविधा के लिए ड्यूटी लगाई गई है। यहां नए मतदाता का नाम जोड़ने हेतु फार्म संख्या 6, मृत मतदाता का नाम हटाने हेतु फार्म संख्या 7 और मतदाता सूची में नाम सुधार हेतु फार्म संख्या 8 भरवाए जा रहे हैं।
पड़ताल करने पहुंचे नायब तहसीलदार दुद्धी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिन मतदाताओं ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है और उनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे शीघ्र नाम जुड़वा लें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, उनके नाम का विलोपन भी कराया जाना आवश्यक है। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पते या अन्य विवरण में संशोधन कराने वाले भी संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।
नायब तहसीलदार ने कहा कि इससे लोकतंत्र के महापर्व मतदान के समय मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इस अवसर पर दुद्धी की लेखपाल सुशीला पांडेय भी मौजूद रहीं।
