क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत,पुलिस जांच में जुटी।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धनौरा गांव में वार्ड संख्या 8 तीन पुलिया के पास सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला का शव देखा। आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। की

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय जब गांव के कुछ लोग शौच के लिए तीन पुलिया के पास रेलवे ट्रैक की ओर गए थे, तभी पोल संख्या 75/51 और 75/49 के बीच पटरी के किनारे एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी।
घटनास्थल के निरीक्षण से अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला अपने गंतव्य की ओर पैदल जा रही थी, तभी पीछे से आ रही किसी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई और उसका एक पैर कट गया।
मृतका के पास से एक झोला बरामद हुआ है, जिसमें बदाम तथा अन्य कुछ घरेलू सामान मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह बाजार या अपने रिश्तेदारी से घरेलू सामान लेकर घर लौट रही होगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।मृतक महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में महिला की शिनाख्त कराने के लिए संपर्क में जुटी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएससी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शिनाख्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।