क्राइम जर्नलिस्ट/ सम्पादक – सेराज खान
किराए के मकान में फांसी के फंदे से लटकता मिला युवक का शव ,पुलिस जांच में जुटी।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव के निवासी धीरज कुमार उर्फ बच्चा(27) का आज सुबह लगभग 9 बजे अपने ही किराए के मकान में लटकता शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई । गांव के लोगों के अनुसार धीरज अपने घर से करीब 50 मीटर दूर लगभग 6 साल से किराए के मकान में रहता था।
बताया गया है कि घटना की जानकारी तब हुई जब उसका एक चालक साथी सुबह उसी के गांव मार्ग से गुजर रहा था और मित्र से मिलने उसके मकान के पास गया। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसने अंदर झाँका तो धीरज को मकान के अंदर लकड़ी के बरेड में साड़ी के फंदे से लटका हुआ देखा।घटना की जानकारी पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
घटना स्थल पर पुलिस और गांव के कार्यवाह प्रधान श्रवण कुमार भी पहुंचे।लोगों की मदद से युवक को इलाज के लिए सीएचसी दुद्धी लाया गया, जहाँ चिकित्सक डॉ. सुनील ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि धीरज तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और पेशे से ड्राइवर था। पारिवारिक उलझनों के कारण वह पिछले कुछ समय से किराए के मकान में रह रहा था। उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी, लेकिन कोई संतान नहीं है। वह और उसकी पत्नी साथ रहते थे।पत्नी राखी के त्योहार के समय अपने मायके गई हुई थी और घटना की सूचना मिलते ही वह घर लौट आई।घटना से पत्नी का रो रोकर बुराहाल है वहीं परिजनों में शोक की लहर है ।
पुलिस ने कहा कि आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है, पर घटनास्थल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट निष्कर्ष बताए जाएंगे।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
