तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार भाइयों को टक्कर मारी, वाहन 10 फीट गड्ढे में पलटा , तीन घायल, इलाज सीएचसी में जारी

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार भाइयों को टक्कर मारी, वाहन 10 फीट गड्ढे में पलटा , तीन घायल, इलाज सीएचसी में जारी।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव में आज गुरुवार दोपहर करीब दो बजे कादल चौराहा के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुद्धी-रेनुकूट मार्ग पर कादल चौराहा के पास पीछे से आ रही स्कार्पियो ने सामने जा रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कार्पियो सड़क किनारे लगभग 10 फीट गड्ढे में पलट गई।
घायलों की पहचान शिवनारायण (65) पुत्र स्व. रामधनी व उनके छोटे भाई विद्या (55)दोनों निवासी कादल, के रूप में हुई। स्कार्पियो में चालक समेत चार लोग सवार थे, जिनमें शक्तिनगर निवासी सुरसती (58) पत्नी राजाराम भी घायल बताई गई हैं।बाइक सवार परिजनों ने बताया कि दोनों भाई किसी काम से बाइक से दुद्धी की ओर जा रहे थे और कादल चौराहा से करीब 100 मीटर पहले हादसा हुआ।
घटना की सूचना 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस को दी गई। एंबुलेंस न मिलने पर पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों और स्कार्पियो सवार महिला को पुलिस वाहन व निजी साधनों से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद बताया गया कि तीनों को सिर व शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। महिला को अंदरूनी चोटों का भी संदेह है।
सीएचसी के चिकित्सक घायलों की स्थिति को स्थिर बता रहे हैं, जबकि उन्हें आवश्यकतानुसार आगे के उपचार के लिए रेफर भी किया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि स्कार्पियो में सवार लोग शक्तिनगर से देवघर (झारखंड) जा रहे थे।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों, वाहन चालक की गति व किसी प्रकार की लापरवाही की जानकारी की जांच की जा रही है ।