क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

हिन्डाल्को के पूर्व वरिष्ठ मजदूर नेता कर्मराज सिंह का निधन, शोक की लहर।
रेणुकूट/सोनभद्र। नईम शाह।हिण्डाल्को के पूर्व यूनियन नेता एवं श्रमिक हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहे कर्मराज सिंह का 30 अगस्त रविवार को हिण्डाल्को अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही श्रमिकों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। कर्मराज सिंह लंबे समय तक हिण्डाल्को यूनियन से जुड़े रहे और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे। अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं कर्मचारियों के हितों के प्रति समर्पण के कारण वे श्रमिकों के बीच काफी लोकप्रिय थे। बताते चलें कि हिण्डाल्को से सेवानिवृत्त होने के बाद रेणुकूट में ही अपने पुत्रों के साथ निवास करते थे।
उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि कर्मराज सिंह का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा उनके जाने से क्षेत्र ने एक अनुभवी एवं कर्मठ व्यक्तित्व को खो दिया है।
परिजनों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दे।
