एचपीवी टीकाकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सुल्तानपुर सम्मानित

Crime journalist (सम्पादक-सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि

एचपीवी टीकाकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सुल्तानपुर सम्मानित!

मंडल में दूसरा और प्रदेश स्तर पर टॉप-7 में स्थान हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव!

सुल्तानपुर – किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में सुल्तानपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने मंडल स्तर पर द्वितीय तथा प्रदेश स्तर पर टॉप-7 में स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मंडल स्तर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग सुल्तानपुर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शासन के निर्देश पर 31 अगस्त 2026 तक 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले में 28,998 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष अब तक 20,900 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने बताया कि टीकाकरण अभियान को शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से चलाया जा रहा है। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से बचाने के साथ ही ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण से सुरक्षा देना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
अभियान में गार्डासिल नाम की क्वाड्रिवैलेंट एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। यह वैक्सीन एचपीवी के टाइप-16 एवं 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जिन्हें सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार 14 वर्ष की उम्र में एक डोज लेने से लंबे समय तक सुरक्षा मिल सकती है।
भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। हर वर्ष करीब 80 हजार नए मामले सामने आने तथा 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु होने का उल्लेख स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया गया है। जिले में एचपीवी टीकाकरण जिला महिला चिकित्सालय, नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्रत्येक मुख्यमंत्री आरोग्य मेले तथा प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को आयोजित शहरी एवं ग्रामीण टीकाकरण सत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा निःशुल्क किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने पात्र किशोरियों के अभिभावकों से अभियान में सहभागिता कराकर उन्हें एचपीवी टीका लगवाने की अपील की है।