कनहर सिंचाई परियोजना के स्थलीय निरीक्षण के दौरान विस्थापित परिवारों से भी किया संवाद, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण पर जोर

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

कनहर सिंचाई परियोजना के स्थलीय निरीक्षण के दौरान विस्थापित परिवारों से भी किया संवाद, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण पर जोर।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. हंसराज विश्वकर्मा बुधवार को दुद्धी क्षेत्र के दौरे पर पहली बार पहुंचे। उन्होंने अमवार स्थित बहुप्रतीक्षित कनहर सिंचाई परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
परियोजना स्थल पर पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने मुख्य नहर, बांध तथा अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कनहर सिंचाई परियोजना का कार्य अति शीघ्र और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को जल्द सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना दुद्धी क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और आश्वासन दिया कि शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं प्रत्येक लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाई जाएंगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा और अन्य लाभों की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
प्रभारी मंत्री के दौरे को क्षेत्रवासियों ने परियोजना की रफ्तार बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। स्थानीय किसानों ने उम्मीद जताई कि कनहर सिंचाई परियोजना के समय से पूर्ण होने पर दुद्धी क्षेत्र सहित आसपास के गांवों की असिंचित भूमि में हरियाली लौटेगी और रबी-खरीफ दोनों फसलों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।
इस मौके पर परियोजना के अधिकारी कर्मचारी के अलावा दुद्धी नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन भी मौजूद रहे।