क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

महुली में आवास योजना की खुली बैठक बनी पारदर्शिता की मिसाल।
पात्र लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक वाचन, सैकड़ों ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से किया समर्थन।
दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार –जनपद के दुद्धी विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस सर्वेक्षण में चयनित लाभार्थियों की स्थायी पात्रता सूची के अनुमोदन हेतु पंचायत भवन पर एक भव्य खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने योजना के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता को दर्शाया।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने की। इस दौरान नोडल अधिकारी, पंचायत अधिकारी दुद्धी आशुतोष श्रीवास्तव तथा ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश अहीर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों की सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया। सूची के वाचन के बाद उपस्थित ग्रामीणों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की गईं।
ग्रामीणों ने सूची में शामिल लाभार्थियों के नामों पर सहमति जताते हुए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया। उपस्थित लोगों ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, इसके लिए इस प्रकार की खुली बैठकें अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
बैठक में अधिकारियों ने योजना की पात्रता संबंधी शर्तों और लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक आवासविहीन एवं पात्र परिवार को पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर पंचायत सहायक बैजयंती शर्मा, सुधीर कुमार, बुधनाथ कन्नौजिया, अरुण कुमार गुप्ता, ईश्वरी प्रसाद यादव सहित लगभग पांच सौ ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और सर्वसम्मति के साथ बैठक शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
महुली पंचायत की यह पहल ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।
