Crime journalist (सम्पादक-सेराज खान)

ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर-आकृति अग्रहरि
13 साल पहले बाईपास के नेकराही गांव में फैलाई थी दहशत, हसीबुलनिशा की हुई थी हत्या!
अब एसटीएफ एनकाउंटर से फिर चर्चा में आया कच्छा-बनियान गिरोह!
सुल्तानपुर – वर्ष 2013 में नेकराही गांव में डकैती के दौरान हसीबुल निशा की हत्या के आरोपी एक लाख के इनामी बदमाश विक्की उर्फ सनम को एसटीएफ ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। अम्बेडकरनगर में यूपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिम अली उर्फ विक्की उर्फ सनम पुत्र मजहर हुसैन के एनकाउंटर के बाद सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात के नेकराही गांव की 13 साल पुरानी सनसनीखेज वारदात फिर चर्चा में आ गई है। वर्ष 2013 में इस घटना के बाद जिले में कच्छा-बनियान गिरोह का नाम सुर्खियों में आया था।
19 अक्टूबर 2013 की रात देहात कोतवाली क्षेत्र के नेकराही गांव में बदमाशों ने एक घर में धावा बोलकर डकैती की थी। इस दौरान बदमाशों ने परिवार के लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें गृहस्वामिनी हसीबुल निशा पत्नी अकील अहमद की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद देहात कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
विवेचना में पुलिस ने आसिम अली उर्फ विक्की उर्फ सनम और उसके साथियों की पहचान की थी। पुलिस कार्रवाई में विक्की समेत गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
इधर, अम्बेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास यूपी एसटीएफ और विक्की के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें वह मारा गया। मुठभेड़ में एसटीएफ का एक जवान भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार विक्की के खिलाफ कई जनपदों में हत्या, डकैती और लूट समेत गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके मारे जाने के बाद नेकराही की पुरानी वारदात एक बार फिर लोगों की चर्चा में आ गई है।
