क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार।

दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार। ‘सत्य सनातन ट्रस्ट’ के नाम से खोले गए बैंक खाते के जरिए करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।थाना दुद्धी पुलिस ने रविवार को इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों द्वारा ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की जा रही थी। उक्त खाते से जुड़ी कुल 35 साइबर फ्रॉड शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें लगभग 2.37 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन की बात सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान समन्वय पोर्टल पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई। 16 अक्टूबर को ‘सत्य सनातन ट्रस्ट’ के खाते से जुड़ी 35 शिकायतें मिलने पर साइबर थाना प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत कार्रवाई की गई।
रविवार प्रातः करीब 6:40 बजे मुखबिर की सूचना पर थाना दुद्धी पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर रोड से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी हरिकेश पाण्डेय उर्फ ऋषिकेश निवासी बागी बगही नौगढ़ चंदौली, अंजनी कुमार निवासी महुअरिया तथा वेदांत मौर्या निवासी रजखड़ थाना दुद्धी शामिल हैं।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी संजय सिंह, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण शंकर यादव, शेरबहादुर यादव एवं कांस्टेबल सुनील सरोज तथा सौरभ पाण्डेय शामिल रहे।