क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

खून की कमी से जूझ रही 15 वर्षीय किशोरी की दुद्धी सीएचसी में मौत, परिजनों में मचा कोहराम।

सांगोबांध की रहने वाली कक्षा 8 की छात्रा थी मृतका संध्या चिकित्सकों ने पानी पिलाने से स्थिति बिगड़ने का जताया अंदेशा।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में गंभीर एनीमिया खून की कमी से पीड़ित 15 वर्षीय किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका सांगोबांध गांव निवासी संतोष पनिका की बड़ी पुत्री संध्या कुमारी थी, जो गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 8वीं की छात्रा थी। किशोरी की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के दादा अमृत लाल के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर को दिखाया गया था, जिसने शरीर में मात्र 4.8 यूनिट ब्लड बताते हुए बाहर किसी बड़े अस्पताल में बेहतर इलाज कराने की सलाह दी थी। इसके बाद परिजन मंगलवार की रात करीब 8 बजे निजी साधन से किशोरी को सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में आने के बाद जांच के बाद पता चला कि किशोरी का ब्लड लेवल गिरकर 3.7 यूनिट रह गया था।
अस्पताल में भर्ती करने के बाद बुधवार दोपहर करीब 2 बजे किशोरी को पहली यूनिट ब्लड चढ़ाना शुरू किया गया, जो रात करीब 8 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद अगले दिन दोपहर लगभग 12 बजे दूसरे यूनिट का ब्लड चढ़ाया जा रहा था। तभी दोपहर 2 बजे के आसपास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
स्थिति चिंताजनक देखकर डॉक्टरों ने किशोरी को तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन अभी जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की तैयारी कर ही रहे थे कि दोपहर करीब 3 बजे किशोरी की सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया।
मामले में सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि मरीज को बेहद गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। हीमोग्लोबिन का स्तर काफी कम था। ब्लड ट्रांसफ्यूजन के दौरान मरीज को थोड़ी घबराहट हुई, जिसके बाद परिजनों ने उसे पानी पिला दिया। पानी पिलाने की वजह से मरीज की हालत और अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
मृतका संध्या अपने चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। अचानक हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।