क्राइम जर्नलिस्ट(सम्पादक-सेराज खान)

पेट्रोल पंप पर खुलेआम खेल: कम तेल, बिना बिल और मीटर की गड़बड़ी का आरोप।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के कॉलिन डूबा में ग्राहकों ने जताया आक्रोश, कार्रवाई की उठी मांग
दुद्धी/सोनभद्र।(प्रमोद कुमार)दुद्धी विकास खंड के विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कॉलिन डूबा गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर ग्राहकों के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां लगातार कम पेट्रोल दिया जा रहा है, साथ ही ग्राहकों को बिल भी नहीं दिया जाता, जिससे पूरे मामले में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्राहकों के अनुसार, एक व्यक्ति जब पेट्रोल लेने पहुंचा तो मशीन का मीटर पहले से ही 160 रुपये दर्शा रहा था। इसके बावजूद कर्मचारी द्वारा मात्र 40 रुपये का पेट्रोल भरकर मीटर को 200 रुपये तक पहुंचा दिया गया और ग्राहक से 100 रुपये का पेट्रोल देने की बात कही गई। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी इसी तरह की गड़बड़ी की शिकायतें सामने रखीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की घटना नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा सिलसिला है। ग्राहकों को कम तेल देना और बिल न देना, दोनों ही उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है। इस तरह की हरकतों को लोगों ने सीधे तौर पर “जेब पर डकैती” करार दिया है।
मामले को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस पर रोक नहीं लगी, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर प्रशासन और आपूर्ति विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
