क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

धान का बोझ लेकर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया गांव में मंगलवार सुबह खेत से धान का बोझ लेकर घर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुअरिया गांव निवासी फूलमति देवी (38) पत्नी विजय गौड़ आज मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने खेत से धान का बोझ सिर पर रखकर लगभग 50 मीटर की दूरी तय कर घर की तरफ लौट रही थीं। जैसे ही वह खेत से निकलकर मुख्य सड़क पर पहुंचीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि हादसे में घायल महिला के एक पैर में गंभीर चोटें आई हैं। एक्स-रे रिपोर्ट के बाद उचित चिकित्सकीय निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाली बाइक पर कुल दो लोग सवार थे, जो लिलासी की तरफ जा रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों व परिजनों ने बाइक सवारों को पकड़ लिया है। पकड़े गए बाइक सवारों ने महिला के इलाज में हरसंभव मदद करने की बात कही है।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस थाने में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
