क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी में 44 वर्षीय धर्मेंद्र उर्फ सोनू अग्रहरि का घर में लटका शव मिला,परिजनों में कोहराम।
दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार – कस्बा के वार्ड नंबर 4 निवासी धर्मेंद्र उर्फ़ सोनू अग्रहरी (44)पुत्र दिलीप अग्रहरि का शव मंगलवार दोपहर उनके घर में पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
घटना की जानकारी के अनुसार मृतक के पुत्र शिबू (रामनगर पेट्रोल पंप पर कंप्यूटर ऑपरेटर)मंगलवार दोपहर लगभग 02:30 बजे घर लौटे तो घर के दोनों गेट बंद मिले । परिजन बताते हैं कि घर के बाहर मृतक की पत्नी, जो चौका-बर्तन का काम करती हैं,दरवाजे के खुलने का इंतजार कर रही थीं।जब काफी समय तक गेट नहीं खुला तो शिबू ने साथी की मदद से पीछे की खिड़की का हिस्सा काटकर अंदर प्रवेश किया, तो पिता को पंखे से लेलून के रस्सी के सहारे लटकता हुआ देखा और चिल्लाकर अन्य परिजनों को बुलाया।
स्थानीय पुलिस और परिजनों की सहायता से धर्मेंद्र को तुरंत दुद्धी सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।पुलिस के अनुसार ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
परिजन बताते हैं कि मृतक के तीन संतान हैं जिसमें दो बेटियाँ और एक पुत्र शामिल है, जो सभी अविवाहित हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे और पिछले 7-8 वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे तथा इलाज चल रहा था। घटना के समय घर पर कोई सदस्य नहीं था ,दोनों बेटियाँ स्कूल गई हुई थीं जबकि पत्नी चौका-बर्तन के लिए घर बाहर थी और पुत्र रामनगर पेट्रोल पंप पर अपने-अपने काम पर थे।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई है, लेकिन अभी अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम व जांच के बाद ही बताएंगे। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
