दुद्धी तहसील सभागार में एसडीएम निखिल यादव को भावुक विदाई,पत्नी सिविल जज शिवानी सिंह भी विदाई में रहीं मौजूद

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी तहसील सभागार में एसडीएम निखिल यादव को भावुक विदाई,पत्नी सिविल जज शिवानी सिंह भी विदाई में रहीं मौजूद।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। तहसील दुद्धी के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल यादव का मंगलवार को तहसील सभागार में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। शासन ने सोमवार को उन्हें भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण में स्थानांतरित कर दिया था, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन, वकील वर्ग, सहकर्मी और मीडिया कर्मियों ने उनके कार्यकाल और योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।

कार्यक्रम में तहसील कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता, स्थानीय नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने कहा कि एसडीएम यादव ने टीम भावना के साथ सभी कर्मियों को एकजुट कर प्रशासनिक कार्यों व चुनौतियों को सहजता से पूरा किया। उन्होंने बताया कि दुद्धी तहसील भवन के कायाकल्प और आमजन की समस्याओं के निस्तारण में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। कई सहकर्मियों ने मिलकर अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दुद्धी व सिविल बार के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल जिसमें अध्यक्ष द्वय रामलोचन तिवारी, कुलभूषण पांडेय, पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह, प्रेमचंद यादव, जितेन्द्र श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार और दिलीप पांडेय शामिल थे , ने माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्रम व मोमेंटो भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन लेखपाल अरुण कनौजिया ने किया। इस अवसर पर मुंसिफ मजिस्ट्रेट सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शिवानी सिंह (पत्नी) भी उपस्थित रहीं और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अपने पति को बधाई दी।
विदाई के दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं और तहसील कर्मियों ने निखिल यादव के समर्पित और उत्तरदायी प्रशासनिक व्यवहार की सराहना की। निखिल यादव ने अपने संबोधन में सभी का आभार जताया, विशेषत: तहसील कर्मचारियों का धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ काम किया। भविष्य में भी लोगों का सहयोग बना रहने की आशा जतायी। समारोह के समापन पर उन्हें माला पहनाकर स्मृति चिन्ह भी सौंपा गया।