क्राइम जर्नलिस्ट/संपादक – सेराज खान

दुद्धी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन दुर्घटनाओं में कई घायल, चार गंभीर रूप से घायल जिला अस्पताल रेफर।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। क्षेत्र में बुधवार को दिनभर सड़क हादसों का कहर देखने को मिला। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी व म्योरपुर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सीएचसी दुद्धी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना
म्योरपुर थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी शीतल प्रसाद (32) पुत्र श्रीराम दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अपनी बाइक से ससुराल रक्सी गांव धुरकी(झारखंड )जा रहे थे। रास्ते में गुलालझरिया भट्टी मोड़ के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने उन्हें तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
दूसरी घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के ही बताए गए जहां नौडीहा पुल के समीप करछाटोला के पास दोपहर करीब तीन बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल छह लोग घायल हो गए।स्प्लेंडर बाइक पर सवार चार लोग, जो सभी नशे में धुत बताए जा रहे थे, उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी म्योरपुर भेजा गया।जबकि होंडा शाइन बाइक पर सवार तीन लोग ,जो बघाडू से लिलासी की ओर जा रहे थे,को 102 एम्बुलेंस टीम की ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर के माध्यम से सीएचसी दुद्धी लाया गया।इस हादसे में भारत सिंह (20) पुत्र शनिदेव निवासी बघाडू को हल्की चोटें आईं।
वहीं उनके साथी नरसिंह (17) पुत्र मुन्ना लाल और राजदेव (21) पुत्र संतोष दोनों निवासी रन्नू, के एक-एक पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद नरसिंह और राजदेव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तीसरा हादसा दुद्धी-विंढमगंज एनएच-39 पर अपाची बाइक सवार संजय (22) पुत्र रामलखन निवासी सूपाचुआ और उनके रिश्तेदार धर्मजीत (30) पुत्र वंशरूप निवासी डुमरडीहा,जो तुमिया गांव विंढमगंज से संजय के बहन के रिश्ते के लिए लड़का देखकर अपने अन्य बाइक सवार साथियों के साथ वापस लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक पीछे रह गई और आगे चलकर कनहर नई बैरियर के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही हीरो स्प्लेंडर बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
हीरो स्प्लेंडर बाइक पर मिथिलेश कुमार सिंह (38) पुत्र उदय सिंह निवासी बंशीधर नगर, झारखंड, अपनी पत्नी आशा देवी (35) के साथ बीजपुर से अपने घर जा रहे थे। हादसे में मिथिलेश के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं उन्हें मामूली चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद विंढमगंज से दुद्धी आ रहे कार सवार स्थानीय निवासी अजय चंद्रवंशी, संतोष चौरसिया, विकास मद्धेशिया, निरंजन सोनी और लवकुश ने मानवता का परिचय देते हुए घायल मिथिलेश व उनकी पत्नी को तत्काल अपनी कार से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहीं, अन्य घायलों को सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया गया।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्सक डॉ. ऐमन अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट के कारण धर्मजीत और पैर में फ्रैक्चर के कारण मिथिलेश कुमार सिंह को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।