दुद्धी पुलिस की त्वरित साइबर कार्रवाई से पीड़ित के खाते में वापस आए 50,300

क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी पुलिस की त्वरित साइबर कार्रवाई से पीड़ित के खाते में वापस आए 50,300

दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमार।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन में थाना दुद्धी की साइबर टीम ने तेज कार्रवाई कर एक युवक के खाते से गलती से स्थानांतरित हुई 50,300 की राशि वापस करवाई। क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही से पीड़ित ने राहत की सांस ली है ।
कस्बा वार्ड नंबर-02 दुद्धी निवासी अभिषेक कुमार पुत्र गुड्डू कुमार ने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उनके बैंक खाते से क्यूआर स्कैनर के माध्यम से यूपीआई द्वारा गलती से 50,300 एक अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट एनसीआरपी पर भी दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद थाना दुद्धी की साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ट्रांजैक्शन की गई राशि को होल्ड कराया। टीम ने संबंधित खाते व मोबाइल नंबर का पता लगाकर संपर्क किया और आवश्यक कानूनी व बैंकिंग कार्रवाई कराते हुए पूरी राशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करवाई।
राशि वापस मिलने के बाद पीड़ित अभिषेक कुमार ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी दुद्धी, प्रभारी निरीक्षक थाना दुद्धी तथा साइबर टीम का आभार व्यक्त कर उनकी सराहना की।
कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, कांस्टेबल मंतोष, महिला कांस्टेबल संध्या यादव तथा साइबर हेल्प डेस्क की टीम शामिल रही।