क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दुद्धी नगर पंचायत में मानसून शुरू होते ही बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, संक्रामक बीमारियों का मंडराया खतरा।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।बरसात का मौसम शुरू होते ही दुद्धी नगर पंचायत क्षेत्र में मच्छरों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। कस्बे के विभिन्न वार्डों में जलभराव और साफ सफाई की लचर व्यवस्था के कारण मच्छरों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है।
नगरवासियों का कहना है कि मानसून के आगमन होते ही नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नालों की तलीझाड़ सफाई और एंटी-लार्वा का छिड़काव नहीं कराया गया।
कई मोहल्लों में नालियां जाम होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है।
शाम ढलते ही मच्छरों के झुंड घरों में धावा बोल देते हैं, जिससे लोगों का घर में बैठना भी मुश्किल हो गया है।
बाजार में मिलने वाले मच्छर भगाने वाले समाग्री उपकरण भी इस भारी प्रकोप के सामने बेअसर साबित हो रहे हैं।
मच्छरों के इस भारी प्रकोप के चलते क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल फीवर जैसी गंभीर संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा तेजी से बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा सकती हैं और हर घर में लोग बीमार पड़ सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों ने जिला प्रशासन और दुद्धी नगर पंचायत के अधिकारियों से नगर के हर वार्ड में रोस्टर के हिसाब से अति शीघ्र फॉगिंग मशीन से धुआं कराया जाने की मांग की है ।इसके अलावा रुके हुए पानी और नालियों में लार्वानाशक दवाओं का छिड़काव हो तथा जिन इलाकों में पानी जमा है, वहां से पानी की निकासी के तत्काल प्रबंध किए जाएं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र और प्रभावी कदम नहीं उठाता है तो वे सड़क पर आन्दोलन करने या ऊपरी अधिकारियों को अवगत कराने पर मजबूर होंगे। दुद्धी नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग से प्रतिक्रियास्वरूप जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
