क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

तीन अलग- अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल, दो जिला अस्पताल रेफर।
दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार। क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए अलग अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक घायल को सीएचसी से परिजन बिना बताए निजी अस्पताल ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार,पहली घटना में असरफी लाल (35) पुत्र मिश्रीलाल निवासी मलदेवा, रविवार दोपहर करीब एक बजे किसी काम से बाइक द्वारा दुद्धी से विंढमगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच 39 मार्ग पर कस्बा वार्ड नंबर एक स्थित स्वीपर बस्ती के पास अचानक उनकी बाइक के सामने भैंस आ गई। भैंस को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे असरफी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।जहां चिकित्सक डॉ. मुस्कान ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट और कंधे की हड्डी उतरने की आशंका तथा समुचित व्यवस्था के अभाव में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दूसरे घटना में बलदेव उर्फ बासदेव (32) पुत्र कैलाश निवासी मुरता महुअरिया रविवार दोपहर करीब एक बजे तुर्रीडीह बाजार से अपने घर लौट रहे थे। बाजार से थोड़ा आगे निकलते ही उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस के ईएमटी कुसुम यादव और चालक विजय राजभर मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी दुद्धी लेकर आए। चिकित्सक डॉ. मुस्कान ने सिर पर गंभीर चोट देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तीसरा हादसा विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली में दोपहर करीब दो बजे हुआ। पीयूष (20) पुत्र रमेश निवासी पटेलनगर विंढमगंज,म्योरपुर से अपने घर लौट रहे थे। महुली के पास अचानक एक साइकिल सवार के सामने आ जाने से पीयूष की बाइक अनियंत्रित हो गई और विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रही दूसरी बाइक से जा टकराई।
इस टक्कर में दूसरी बाइक पर सवार त्रिपुरारी (24) पुत्र गोविंद और उनकी मां चिंता देवी (60) निवासी पटेलनगर विंढमगंज ,सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों का सीएचसी दुद्धी में इलाज जारी है, जहां त्रिपुरारी के पैर और सिर में चोट आई है, जबकि चिंता देवी के हाथ में हल्की चोट लगी है। वहीं घायल पीयूष को परिजन सीएचसी से बिना जानकारी दिए निजी अस्पताल ले गए।
