क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

दो अलग -अलग सड़क हादसों में छात्रा समेत दो घायल।

दुद्धी (सोनभद्र)प्रमोद कुमार।कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम हुए दो अलग अलग सड़क हादसों में कक्षा दो की छात्रा समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां से बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पहली घटना बैरखड़ गांव निवासी रामलाल की 6 वर्षीय बेटी मनीषा पिछले तीन वर्षों से डुमरडीहा गांव में अपने नाना विजय के घर रहकर पढ़ाई कर रही है।वह कक्षा दो की छात्रा है। शनिवार शाम करीब 5 बजे डुमरडीहा भट्टी मोड़ से लगभग 500 मीटर आगे लिलासी मोड़ के पास वह बाइक की चपेट में आकर घायल हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दुद्धी से महुअरिया की ओर जा रहा था। घायल मनीषा को निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लाया गया, जहां डॉ. ऐमन अंसारी ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।वहीं दूसरी घटना झारखंड के सगमा निवासी विवेकानंद गुप्ता (28)पुत्र सूर्यदेव साव , हिंडालको रेणुकूट से ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रजखड़ स्थित पुराने पेट्रोल पंप के पास अचानक बाइक के सामने कुत्ता आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और वह घायल हो गए। विवेकानंद ने पीछे आ रहे अपने साथियों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद साथियों ने उन्हें बाइक से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।