क्राइम जर्नलिस्ट/सम्पादक – सेराज खान

महुली में रास्ता विवाद व सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय, प्रस्तावित पुलिस चौकी का निरीक्षण,क्षेत्रवासियों में खुशी।
दुद्धी/सोनभद्र।प्रमोद कुमारा –विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में लंबे समय से चले आ रहे रास्ता विवाद एवं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब गंभीर नजर आ रहा है। कुछ दिन पूर्व रास्ते को लेकर हुए विवाद में ओंकारनाथ गुप्ता के साथ मारपीट की घटना के बाद मामला थाने तक पहुंचा था, जिसमें मुकदमा भी दर्ज किया गया था। घटना के बाद ग्राम प्रधान महुली अरविंद जायसवाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि उक्त रास्ते को लेकर आए दिन विवाद, लड़ाई-झगड़े और तनाव की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने जनहित को देखते हुए रास्ते के स्थायी निर्माण की मांग की थी।
ग्राम प्रधान द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता एवं थाना प्रभारी विंढमगंज शिवकुमार सिंह ने ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल के साथ मौके पर पहुंचकर विवादित स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से भी जानकारी प्राप्त की और समस्या के समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में महुली क्षेत्र में पुलिस चौकी निर्माण की मांग को लेकर भी प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। कुछ दिन पूर्व ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों द्वारा शासन को पत्र भेजकर महुली में पुलिस चौकी स्थापित कराने की मांग की गई थी, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके तथा छोटी-बड़ी घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके।
शनिवार सायंकाल दुद्धी सीओ राजेश कुमार, तहसीलदार दुद्धी अंजनी गुप्ता तथा थाना प्रभारी विंढमगंज शिवकुमार सिंह ने प्रस्तावित पुलिस चौकी स्थल का भी मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थल की उपयुक्तता का आकलन किया और आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता को लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान हो जाता है और पुलिस चौकी का निर्माण हो जाता है, तो क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत होगी तथा लोगों को सुरक्षा का बेहतर माहौल मिल सकेगा।
